पिहोवा। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने पंजाब के पटियाला जिले के रामनगर बक्सी नया गांव निवासी गुरबीर सिंह उर्फ डीसी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से सात किलो 315 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया। 14 मार्च को एएनसी प्रभारी की टीम कराह साहब बस अड्डे के पास तैनात थे। गुप्त सूचना मिली कि गुरबीर सिंह चूरा पोस्त की तस्करी करता है और वह मोटरसाइकिल पर गांव भागल की ओर से कस्बे की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने कराह साहब से भागल रोड पर नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से सात किलो 315 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना सदर में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्स्टेंसेज (एनडीपीएस) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की गई।