संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। नेशनल हाईवे पर टायर में पंक्चर देखने के लिए गाड़ी से उतरे एक चालक को दूसरी गाड़ी ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे में उसका एक अन्य साथी भी घायल हो गया, जो एक अन्य वाहन पर चालक था। गांव माडेवाला जिला पंचकूला के रहने वाले सतीश कुमार ने पुलिस को बताया कि उसका दोस्त लेखराज वासी गांव कोना जिला पंचकूला महिंद्रा पिकअप में मेरठ से ड्रम लोड कर बद्दी हिमाचल प्रदेश के लिए जा रहा था। उसके पीछे वह भी अपनी दूसरी गाड़ी लेकर जा रहा था। नेशनल हाईवे पर पिपली से आगे अचानक ही लेखराज की गाड़ी का टायर पंक्चर हो गया और उसने गाड़ी को सड़क किनारे साइड में खड़ा कर दिया। लेखराज के साथ वह भी गाड़ी से उतरकर टायर देखने लगा तभी पीछे से आई एक दूसरी कार ने पिकअप को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां लेखराज की मौत हो गई। आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।