बापौली। लगातार चल रही बरसात के कारण यमुना नदी के साथ-साथ ड्रेन नंबर दो का जलस्तर अचानक बढ़ गया। रायमल और भलौर गांव के पास ड्रेन नंबर दो की पटरी टूट गई। इससे किसानों की सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार चल रही बरसात के कारण कई दिनों से ड्रेन दो उफान पर थी, लेकिन मंगलवार को अचानक रायमल गांव के पास रिसाव शुरू हो गया। इसे ग्रामीणों ने समय रहते कड़ी मेहनत कर बंद कर दिया, लेकिन दूसरी ओर भलौर गांव के पास पटरी पर रिसाव शुरू हुआ और देखते ही देखते पटरी टूटने से सैकड़ों एकड़ फसल जलमग्न हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और पटरी को बंद करने का कार्य शुरू कराया।
किसानों ने की मुआवजे की मांग-
ड्रेन नंबर दो के टूटने से बर्बाद हुई किसानों की सैकड़ों एकड़ फसल से किसानों में रोष है। किसानों का कहना है कि अगर समय रहते पटरी की मरम्मत की होती तो ऐसी नौबत नहीं आती। किसानों ने प्रशासन से बर्बाद हुई फसल की गिरदावरी कराकर मुआवजे की मांग की है।