कुरुक्षेत्र। लोटस ब्लूम पब्लिकेशन दुबई के सीईओ कुलभूषण व्यास ने दुबई से कुरुक्षेत्र के प्रेरणा वृद्धाश्रम में पहुंचकर प्रेरणा के संस्थापक एवं संचालक डाॅ. जय भगवान सिंगला को प्रोफेसर हिम्मत सिंह सिन्हा के बारे में जापान में व्याख्यान देने के लिए निमंत्रण दिया। यह व्याख्यान कार्यक्रम डाॅ. हिम्मत सिंह सिन्हा की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने व जागृत करने और भारतीय उच्च परंपरा का ज्ञान कराने के लिए विश्व ज्ञान यात्रा का यह आठवां पड़ाव होगा। इससे पहले युग मनीषी प्रोफेसर हिम्मत सिंह सिंह की विश्व ज्ञान यात्रा के सात पड़ाव पूरे हो चुके हैं। इनमें यूएई, बहरीन, कतर, ओमान, मॉरीशस इत्यादि कई देशों में कार्यक्रम शामिल हैं। जापान कार्यक्रम से आगे कनाडा, लंदन, जर्मनी और अमेरिका में भी डाॅ. सिन्हा के ज्ञान और भारतीय दर्शन व संस्कृति के बारे में लोगों को परिचित कराने के उद्देश्य से यात्राएं की जाएंगी। उल्लेखनीय है कि डाॅ. जय भगवान सिंगला भारत के प्रतिष्ठित साहित्यकारों में से एक हैं, जिनकी हिंदी की सभी विधाओं में लगभग 65 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।