कुरुक्षेत्र। मानव मित्र मंडल की ओर से समाजसेवा के क्षेत्र में कार्यरत राष्ट्रपति पुलिस पदक प्राप्त डॉ. अशोक वर्मा को मानव मित्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मंडल के कोषाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि डॉ. वर्मा अब तक 583 स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगा चुके हैं। सरकारी रक्तकोष को 20921 रक्त इकाई दी। पर्यावरण के क्षेत्र में भी अहम भूमिका रही। पौधरोपण, जल संरक्षण, नशा मुक्ति के लिए साइकिल यात्रा की। विभिन्न स्थानों पर लोगों को जागरूक किया। सचिव नरेश सैनी ने बताया कि वे रोटी बैंक के प्रधान सेवक हैं जिसके माध्यम से ईंट भट्टों पर, नागरिक अस्पताल कुरुक्षेत्र और आयुर्वेदिक अस्पताल में रोगियों को दोपहर का भोजन प्रतिदिन उपलब्ध कराना उनकी बड़ी मानवीय सेवा है। मंडल प्रधान भारतेंदु हरीश ने कहा कि सेवाओं से प्रभावित होकर मानव मित्र मंडल की ओर से उन्हें पुरस्कार से अलंकृत किया गया। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे।