फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कीर्ति नगर में दो पक्षों में विवाद : रात भर दौड़ती रही पुलिस, सुबह फिर पिहोवा रोड जाम किया तो फूली सांसें

विज्ञापन
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र। कीर्ति नगर में दो पक्षों में हुई जमकर मारपीट व एक व्यक्ति की हत्या के मामले को लेकर पुलिस रात भर दौड़ती रही तो सुबह फिर उस समय सांसें फूल गई जब मृतक के परिजन भड़क गए और पिहोवा रोड जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक लोकनायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल के बाहर सड़क पर उतरे परिजनों ने जमकर रोष जताया तो वहीं हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव लेने से भी इनकार कर दिया।
विज्ञापन


पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पक्ष की एक महिला सहित दो से तीन लोगों को गिरफ्त में लिया तो वहीं मौके पर पहुंचे डीएसपी अशोक कुमार ने आगे भी जल्द व कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए। उन्होंने जाम खोला तो वहीं इसके बाद भी करीब एक घंटा तक अस्पताल परिसर में ही बैठे रहे। हालात को देख यहां भी बड़ी संख्या में पुलिस बल बुलाया गया। दोनों पक्षों में विवाद रंजिश के चलते माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि होली पर्व के दौरान भी मृतक के बेटे व दूसरे पक्ष के युवकों के बीच विवाद हुआ था। उधर मृतक सोमनाथ के बेटे अमित ने पुलिस में दी शिकायत में भी बताया कि आरोपियों ने इस वारदात को पुरानी रंजिश में ही अंजाम दिया है।







मजदूरी कर परिवार का गुजारा चलाता था सोमनाथ, पत्नी हुई बेसुध

मृतक सोमनाथ मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा चलाता था। जहां घर के समीप ही छोटी किराना की दुकान है तो वहीं कारपेंटर ठेकेदार के साथ भी मजदूरी करता था। मृतक की एक बेटी व तीन बेटे बताए जा रहे हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है वहीं परिजन रविवार सुबह जब सड़क पर रोष जता रहे थे तो मृतक की पत्नी कई बार बेसुध हुई, जिसे अन्य महिलाएं संभालती रही। उधर, मृतक के परिजनों के मुताबिक आज रविवार को ही उनके परिवार में एक लड़की की शादी भी थी, जिसकी सुबह बरात आनी थी। तीन दिन से सभी शादी की तैयारी में ही लगे थे। रात को यह मामला हुआ, जिससे शादी की खुशियां भी गायब हो गईं।
विज्ञापन





पुलिस टीम पहुंचते ही हुआ पथराव
ईएएसआई जसमेर सिंह के मुताबिक डायल 112 की टीम पुराना बस अड्डा पर मौजूद थी। दो पक्षों में पथराव की सूचना मिलते ही पहुंचे तो तभी उनकी गाड़ी पर भी पथराव कर दिया। जिसमें गाड़ी का शीशा टूट गया। एएसआई संसार सिंह के नेतृत्व में टीम में एसआई ऋषिपाल, रणधीर सिंह व प्रदीप राय शामिल थे। गाड़ी पर छतों से भी पत्थर बरसाए गए। इस हमले में एसआई ऋषिपाल गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि अतिरिक्त फोर्स पहुंची तो हालात को काबू किया जा सका वहीं गंभीर रूप से घायल एसआई को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया।


आरोपी जल्द होंगे गिरफ्तार : कर्मवीर
थाना कृष्णा गेट एसएचओ कर्मवीर सिंह का कहना है कि पुलिस टीम पर हमला किए जाने, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप में एक मामला दर्ज किया गया है जबकि दूसरा मामला हत्या के संबंध में विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। दोनों ही मामलों में आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घायल एसआई ऋषिपाल को पीजीआई रेफर कर दिया गया है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें