इस्माईलाबाद। एमपीएम एसडी गर्ल्स कॉलेज में कंप्यूटर साइंस विभाग की ओर से सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रत्येक वर्ष फरवरी माह के दूसरे सप्ताह के मंगलवार को सुरक्षित इंटरनेट दिवस मनाया जाता है। इस दौरान कॉलेज में विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विस्तृत व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान साइबर सिक्योरिटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सुरक्षित व जिम्मेदार उपयोग और इंटरनेट से जुड़े संभावित खतरों और उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। कॉलेज की सहायक प्रवक्ता सिमरन ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि साइबर सिक्योरिटी के नियमों का पालन कर हम साइबर क्राइम से स्वयं को सुरक्षित रख सकते हैं।उन्होंने साइबर थ्रेट्स, ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराध की स्थिति में साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज की प्राचार्या मोहिनी गर्ग ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रयोग ज्ञान, शिक्षा और सकारात्मक उद्देश्यों के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को इंटरनेट पर उपलब्ध हानिकारक और भ्रामक सामग्री से दूर रहने और डिजिटल माध्यमों का विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में डिजिटल जागरूकता विकसित करना और उन्हें सुरक्षित, जिम्मेदार और नैतिक इंटरनेट उपयोग के प्रति प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं ने सुरक्षित इंटरनेट उपयोग का संकल्प लिया।