इस्माईलाबाद। शहर की खस्ताहाल गलियां राहगीरों के लिए जी का जंजाल बनी हुईं है। इसके चलते राहगीरों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं तो वहीं गलियों से गुजरने वाले आसपास के लोग भी काफी परेशान हैं। इसको लेकर शहरवासियों में अब रोष भी पनपने लगा है। वहीं रविदास धर्मशाला के साथ लगती वार्ड नंबर दो की गली की हालत पिछले कई महीनों से काफी दयनीय है। इस गली को न बनाए जाने के चलते पानी निकासी नहीं हो पा रही, जिससे हर समय गली में पानी खड़ा रहने की समस्या बनी हुई है। इसके चलते मच्छर पनपने से बीमारियां फैलने की संभावना भी बनी हुई है। वार्ड निवासी सुनील, बरखा राम, खरेती लाल, निर्मल सिंह ने बताया कि गली की हालत करीब पिछले तीन महीने से ज्यादा खराब है।
इसके कारण सभी नालियों में कचरा है और इससे पानी निकासी की समस्या पैदा हो रही है। इसके चलते गली से गुजरना भी लोगों के लिए मुश्किल हो गया है। गली में गंदा पानी जमा होने के चलते वार्ड में मक्खी मच्छरों की भरमार है, जिससे बीमारी फैलने की संभावना है। गलियों से गुजरने के दौरान बच्चों को स्कूल जाने और बुजुर्गों को किसी भी काम से इधर-उधर आने जाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। हालांकि गली व नाली के निर्माण के लिए प्रशासन से कई बार गुहार भी लगाई गई, मगर किसी ने भी समस्या का समाधान नहीं किया।
जल्द होगा समाधान : रेशम सिंह
नगर पालिका चेयरमैन रेशम सिंह का कहना है कि वार्ड नंबर दो की रविदास धर्मशाला के साथ लगती गली के निर्माण का कार्य चुनावों के कारण से अटक गया था, लेकिन अब आचार संहिता हट चुकी है। इसलिए जल्द ही गली निर्माण का कार्य शुरू होने की संभावना है। पानी की निकासी का भी जल्द ही प्रबंध करवा दिया जाएगा।