लाडवा। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी एग्री स्टैक योजना के तहत किसानों की एक यूनिक फार्मर आईडी बनाई जा रही है। इस यूनिक फार्मर आईडी से किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। इस प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के लिए राजस्व एवं कृषि विभाग की ओर से विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा खंड कृषि विकास अधिकारी कार्यालय और संबंधित तहसील में भी पंजीकरण करवा सकते हैं। एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि एग्री स्टैक एक डिजिटल इकोसिस्टम है जिसका उद्देश्य खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी को एक मंच पर लाना है। जिस तरह हर नागरिक की पहचान आधार कार्ड से होती है, उसी तरह यूनिक फार्मर आईडी किसानों की स्टीक और पारदर्शी डिजिटल पहचान बनेगी। एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि यह पंजीकरण प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और आधुनिक है। किसानों का पंजीकरण आधार कार्ड पर आधारित प्रमाणीकरण प्रक्रिया के जरिये किया जाता है।