संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पहले फसल अवशेष जलाने की घटनाएं और फिर दिवाली पर्व के चलते पटाखे जलाने के बाद शनिवार को धर्मगरी की वायु गुणवत्ता में कुछ सुधार हुआ। 300 पार जा चुका एक्यूआई 156 तक लौटा, जिससे लोगों ने कुछ राहत की सांस ली। बता दें कि पिछले करीब 15 दिनों से धर्मनगरी का एक्यूआई लगातार बढ़ रहा था, जिससे लोगों को सांस लेने तक में दिक्कत होने लगी थी। इससे निपटने के लिए प्रशासन ने भी कड़ी सख्ती दिखाते हुए फसल अवशेष जलाने वाले किसानों पर कार्रवाई शुरू की तो वहीं दिवाली पर्व पर अवैध रूप से पटाखे बेचे जाने पर पाबंदी भी लगाई गई थी। हालांकि प्रशासन की इस पाबंदी का कुछ भी असर दिखाई नहीं दिया था और लोगों ने दो दिन तक जमकर पटाखे जलाए। ऐसे में वायु गुणवत्ता और खराब हुई तो हर किसी की आंखों में जलन होने लगी थी। लोगों घरों से बाहर निकलने से कतराने लगे थे तो तो वहीं शाम ढलने पर स्थिति और गंभीर होने लगी थी। शनिवार को जहां पटाखे न के बराबर जलाए गए तो वहीं फसल अवशेष जलाने की घटनाएं भी कम होने लगी। ऐसे में हवा की गुणवत्ता में कुछ सुधार दिखाई दिया।