कुरुक्षेत्र। वीआईपी रोड पर जिंदल चौक के नजदीक साइकिल सवार मामा-भांजे से बाइक सवार दो युवक मोबाइल और तीन हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। घटना सुबह करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। शिकायतकर्ता अपने मामा के साथ साइकिल पर सवार होकर अपनी बहन को लेने के लिए पिपली जा रहा था। उधर, ब्रह्मसरोवर पर श्रद्धालु को नशीला पदार्थ खिलाकर ठग नकदी और मुरकी लेकर फरार हो गया।
थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत में संदीप हाल निवासी सेक्टर-तीन ने बताया कि वह मूलरूप से औरास जिला उन्नाव यूपी का रहने वाला है। कुरुक्षेत्र में वह दिहाड़ी-मजदूरी करता है। उसका मामा सुधीर भी उसके साथ ही रहता है। शुक्रवार अल सुबह को वह साइकिल पर सवार होकर अपनी बहन सुमन देवी निवासी गेरुवा जिला उन्नाव को पिपली बस अड्डे पर लेने के लिए जा रहा था। उसका मामा सुधीर भी उसके साथ अपनी साइकिल पर साथ-साथ चल रहा था। सुबह करीब साढ़े तीन बजे जिंदल चौक के पास पहुंचे तो पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उनको रोक लिया। आरोपी उनको डरा धमकाकर उसका मोबाइल और करीब तीन हजार रुपये छीनकर सेक्टर-दो की तरफ भाग गए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
उधर, थाना कृष्णा गेट में दर्ज शिकायत में रतिराम निवासी सिसमोर जिला कैथल ने बताया कि वह सोमवती अमावस पर स्नान करने के लिए ब्रह्मसरोवर पर आया था। वह स्नान करने के बाद बाहर आया तो एक व्यक्ति उसके पास आया। वह रागिनी सुनाने के बहाने उसे अपने साथ ले गया। यहां उसने उसे कोई नशीली वस्तु खिलाकर उसके हाथ से अंगूठी, कान की मुरकी (बाली) व और 2100 चुराकर फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।