कुरुक्षेत्र। थानेसर क्षेत्र में अनेक विकास कार्य चल रहे हैं और प्रदेश सरकार का भी इस पर ध्यान केंद्रित है। नगर परिषद की सीमा में हाेने वाले अनेक विकास कार्यों पर भी प्रदेश सरकार ने अपनी मुहर लगा दी है। उक्त बातें राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहीं। वे रविवार को सेक्टर चार के सामुदायिक केंद्र में नगर परिषद के विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ करने के उपरांत संबोधित कर रहे थे। यहां पहुंचने पर राज्यमंत्री का सेक्टर चार, आठ, नौ, लोटस ग्रीन सिटी वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान, पदाधिकारियों व सदस्यों द्वारा स्वागत किया गया। राज्यमंत्री ने विभिन्न सेक्टरों में 11 करोड़ तीन लाख 19 हजार की राशि से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया।
राज्यमंत्री ने कहा कि थानेसर हलका के विकास पर सरकार की तरफ से कई हजार करोड़ रुपए छोटी व बड़ी विकास कारी योजनाओं को पूरा करने का काम किया है और कुछ योजनाओं पर तेजी के साथ कार्रवाई की जा रही है। इस मौके पर डाॅ. सुशील टाया, सेक्टर 8 प्रधान देवेंद्र छाबड़ा, सेक्टर 30 प्रधान केवल कृष्ण, सेक्टर चार प्रधान सुरेंद्र, जिंदल सिटी प्रधान मनमोहन, शिव कॉलोनी प्रधान सर्वजीत, लोटस ग्रीन सिटी प्रधान सुखविंद्र, पंकज कॉलोनी वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान डॉ. ज्ञान सिंह, जिला सचिव विजेंद्र मेहला, सुशील मिश्रा, मोहित कक्कड़, मुरारी लाल सैनी, रणधीर, चंद्र छाबड़ा, सुभाष शर्मा, सुखेदव, भारत भूषण सिंगला, सुधीर तनेजा, जगबीर, रामपाल, कुलदीप नेहरा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
इन विकास कार्यों का किया शुभारंभ
उन्होंने 58.19 लाख की लागत से सर्किट हाउस चौक से जेसीआई चौक तक केडीबी रोड के बकाया कार्य का शुभारंभ किया। इसके साथ-साथ 59.73 लाख की लागत से आयुर्वेदिक चौक से सर्किट हाउस चौक तक, 260.78 लाख की लागत से सेक्टर चार डिवाइडिंग रोड प्वाइंट से आयुर्वेदिक कॉलेज से सुंदरपुर वाया सेक्टर-4 व 8 सामुदायिक केंद्र, विज्डम वर्ल्ड स्कूल तक, 280.65 लाख की लागत से उमरी रोड मकान नंबर एक से 30 पावर ग्रिड कॉलोनी तक सड़क के सुंदरीकरण कार्य व 443.84 लाख की लागत से केडीबी रोड से एयर फोर्स चौक सेक्टर चार व आठ के डिवाइडिंग रोड निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।