कुरुक्षेत्र । प्रदेश सरकार ने कुरुक्षेत्र की 25 कॉलोनियों को नियमित किए जाने पर मुहर लगा दी है, इससे विकास को रफ्तार मिलेगी। अब इन कॉलोनियों में जहां मूलभूत सुविधाएं मिल सकेंगी, वहीं लोगों को अनेक समस्याओं से निजात मिलेगी। साथ ही कॉलोनीवासी प्लाट और मकानों की रजिस्ट्री भी करवा सकेंगे।
वीरवार को जैसे ही प्रदेश सरकार की ओर से ये कॉलोनियां नियमित किए जाने की घोषणा की गई तो बड़े स्तर पर लोगों की उम्मीदें पूरी हुई। अनेकों वर्षों से इन कॉलोनियों को नियमित होने की लोग बाट जोह रहे थे। लगातार अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर थे तो वहीं अधिकतर मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित थे। अब प्रदेश सरकार ने नियमों में कुछ ढील देकर इन कॉलोनियों को नियमित करने का फैसला कर इन लोगों को बड़ी राहत दी है।
बॉक्स
नहीं हो पा रही थी रजिस्टि्यां, अटका था करोड़ों का लेन-देन
ये कॉलोनियां अभी तक नियमित न होने के चलते जहां सरकार ने रजिस्ट्री पर पाबंदी लगाई हुई थी तो वहीं लोगों को हर समय पीले पंजे का भी भय बना रहता था। प्लाटों से लेकर मकानों की रजिस्ट्री न हो पाने के चलते करोड़ों का लेन-देन अटका हुआ था। बड़े स्तर पर लोगों का बयाना फंसा था। कईं वर्षों से रजिस्ट्री खुलने की इंतजार की जा रही थी। अब कॉलोनियां नियमित हुई तो यहां संपत्ति की रजिस्ट्री भी करवा सकेंगे, जिसके चलते लेन-देन कर चुके लोगों ने राहत की सांस ली है।
बॉक्स
शहर में 100 तो इतनी ही बाहर अवैध कॉलोनियां
बताया जा रहा है कि शहर में ही 100 कॉलोनियां अभी तक नियमित नहीं थी जबकि इतनी ही बाहर मानी जा रही हैं। ऐसी कॉलोनियों में प्रशासन की ओर से भी लगातार कार्रवाई की जाती रही। हालांकि पिछले दिनों सरकार ने नियमों में ढील देकर कॉलोनी नियमित करने की घोषणा की थी तो लोगों को उम्मीद जगी थी। इसके लिए लगातार जिला नगर योजनाकार के पास आवेदन किए जा रहे थे।
बॉक्स
इन कॉलोनियों की भेजी गई थी सरकार को सूची
जिला नगर योजनाकार विभाग की ओर से नियमित करने को लेकर पिछले दिनों 26 कॉलोनियों की सूची भेजी गई थी। इनमें द होली कॉटेज कॉलोनी, सरस्वती एक्सटेंशन-7, सरस्वती कॉलोनी-चार, सरस्वती कॉलोनी पार्ट टू, बिश्नगढ़ कॉलोनी, रविदास कॉलोनी, माता बाला सुंदरी कॉलोनी, सरस्वती कॉलोनी फेस टू, मोनू विहार कॉलोनी, सरस्वती कॉलोनी फेस-1, पलवल कॉलोनी पार्ट-वन, पवलवल कॉलोनी पार्ट टू, शंकर कॉलोनी, द कॉलोनी ताज पैलेस, अरनाय कॉलोनी, महादेव कॉलोनी, नंद कॉलोनी एक्सटेंशन-16, ज्वाहरपुर कॉलोनी, भट्ट माजरा कॉलोनी, बाजीगर कॉलोनी एक्सटेंशन, सरस्वती कॉलोनी, दयाल नगर कॉलोनी, सरस्वती स्कूल कॉलोनी, माया कॉलोनी, चीमा एंड गुरुदेव कॉलोनी व रूप नगर कॉलोनी शामिल है।
बॉक्स
सरकार ने दिया तोहफा, बाकी कॉलोनियां भी जल्द होगी नियमित : सुधा
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि कुरुक्षेत्र की 25 कॉलोनियों को राज्य सरकार ने नियमित करने का तोहफा दिया है। अब इन कॉलोनियों में लोगों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी तो रजिस्ट्री भी हो सकेगी। यह सभी कॉलोनियां पालिका क्षेत्र से बाहर बनी हुई है। इन अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के लिए राज्य सरकार ने मापदंडों में कुछ छूट दी है। अहम पहलू यह है कि कुरुक्षेत्र की शेष कॉलोनियों को भी सरकार की तरफ से कुछ औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नियमित किया जाएगा। जिन कॉलोनियों तक पहुंचने वाली सडक़ छह मीटर या इससे अधिक तथा आंतरिक सडक़ें तीन मीटर या इससे अधिक चौड़ी हैं, अब उन्हें नियमित किया गया है। उन्होंने कहा कि एक जुलाई, 2022 से पहले जिन्होंने बिक्री के लिए सेल डीड या एग्रीमेंट टू सेल पंजीकृत करवा रखे थे, उन्हें बेचा हुआ माना जाएगा।
बॉक्स
जिला नगर योजनाकार बोले, नहीं मिली सूची
जिला नगर योजनाकार अशोक गर्ग ने बताया कि उनकी ओर से 26 कॉलोनियों की सूची भेजी गई थी। इनमें से कौन सी कॉलोनी नियमित हुई है, यह अधिकारिक रूप से अभी उनके पास कोई जानकारी देर शाम तक नहीं पहुंची है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशानुसार अन्य कॉलोनियों का नाम भी सरकार को भेजा जाएगा।