संवाद न्यूज एजेंसी
लाडवा। गांव सलेमपुर में पानी के कनेक्शन को लेकर युवक ने परिवार के साथ मिलकर चचेरे भाई और भाभी पर दरांती से जानलेवा हमला कर दिया। उन्हें लाडवा के सरकारी अस्पताल से एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने जान से मारने का प्रयास करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत परिवार के चार सदस्यों को नामजद किया है।
पुलिस को दिए अपने बयान में सुनीता निवासी सलेमपुर ने कहा कि वह अपने पति बलदेव सिंह, देवर यशविंद्र, देवरानी संगीता रानी, ससुर कृष्ण कुमार, सास सुरेश देवी व बच्चों के साथ गांव के बाहरी साइड खेतों में बने मकान में रहती है। उनका उसके ताऊ ससुर बनारसी दास और देवर संदीप कुमार के साथ जमीन में पानी देने बारे अदालत में केस चल रहा है। खेतों में जोहड़ का पानी देने के लिए पंचायती पाइप लाइन बिछी हुई है, जिसका कनेक्शन उन दोनों के खेतों में अलग-अलग है।
उनके मकान के पीछे एक एकड़ जमीन है, जिसमें जोहड़ के पानी का पंचायती कनेक्शन सड़क के पास काफी दूर पड़ता है। दूसरा कनेक्शन ताया ससुर के साथ लगते खेतों में दिया हुआ है। हमारे कनेक्शन की दूरी ज्यादा होने के कारण हम कभी-कभी उस जमीन में जोहड़ का पंचायती पानी देने के लिए उस पंचायती कनेक्शन में पानी का पाइप लगा लेते हैं। बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे सुबह वह अपनी देवरानी व पति के साथ पानी देने के लिए उनकी जमीन से साझी डोल के पास लगे पंचायती कनेक्शन में पाइप लगा रहे थे।
उसका देवर संदीप पास में ही दरांती से घास काट रहा था। कनेक्शन लगाने को लेकर संदीप उनके साथ गाली-गलौज करने लगा और पंचायती कनेक्शन से पानी लेने से रोकने की धमकी देने लगा। शोर सुनकर उसका पति व बेटा हितेश भी पास आ गए। संदीप ने फोन करके अपनी पत्नी सविता, बेटे वंश, ताया ससुर अपनी पत्नी सीतो देवी के साथ आ गया। उन्होंने उनकी पाइप लाइन को हटा दिया और उन पर हमला कर दिया।
इसी दौरान संदीप ने उस पर दरांती से जान से मारने की नीयत से कई वार किए, जिससे उसके सिर में गहरी चोटें लग गई। उसके पति व देवरानी ने उसे बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा। शिकायत पर पुलिस ने संदीप, बनारसी दास, सीतो देवी व सविता देवी के खिलाफ जान से मारने का प्रयास करने सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।