गांव दबखेड़ी के पास नरवाना ब्रांच नहर से एक 62 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ। गोताखोर प्रगट सिंह व उनकी टीम नरेंद्र व सिंदर ने शव को बाहर निकाल कर मामले की सूचना पुलिस को दी। मृतक की पहचान सुरेश जांगड़ा वासी ठरवा माजरी अंबाला के रूप में हुई है। केयूके थाना के एएसआई रामपाल ने बताया कि पुलिस को दबखेड़ी नरवाना ब्रांच नहर से शव मिलने की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई। मृतक के भाई जयपाल ने शव की शिनाख्त की। वहीं जांच अधिकारी एएसआई अमर सिंह ने बताया करीब 10 पहले सुरेश जांगड़ा की पत्नी का निधन हो गया था। तबसे उसका मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ था तथा वह अपने भाई जयपाल के पास रहता था। 16 अप्रैल को अचानक सुरेश कहीं लापता हो गया था, जिसकी शिकायत उसके भाई ने पुलिस को दी थी। शाम को सुरेश का साइकिल व जूते जनसुई हेड से बरामद हुआ था। पांच दिन बाद मंगलवार को सुरेश का शव दबखेड़ी गांव नरवाना ब्रांच नहर से बरामद हुआ।