संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। गांव मोहड़ी के पास सफेदे के खेतों में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। मृतक के सिर व मुंह चोट हैं और लहूलुहान हालत में है।
थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि मोहड़ी व आसपास के गांवों से पूछताछ की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर तथ्य जुटाए हैं। गांव मोहड़ी के सरपंच सुखदीप सिंह की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मोहड़ी के सरपंच सुखदीप सिंह ने कहा कि मंगलवार को सुबह वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर शाहाबाद की तरफ आ रहा था कि रास्ते में श्री बाबा बालक नाथ मंदिर के पास सफेदे के खेतों की ओर एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में पड़ा था। जिसके मुंह व सिर पर चोटों के निशान थे और खून बह रहा था। शिकायतकर्ता ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि मृतक कोई ड्राइवर है और रात के समय झगड़े में किसी ने इसकी हत्या कर दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।