इस्माईलाबाद। हाईवे 152 के नीचे पानी क्रॉसिंग के लिए बनी पुलिया में शव मिलने से शहर व क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले के जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि चम्मू मोड़ के समीप बने पंजाबी ढाबा के सामने हाईवे 152 के नीचे से पानी की क्रॉसिंग के लिए बनी पुलिया में एक शव मिला है। पंजाबी ढाबा पर खाना खाने के बाद एक राहगीर ने शव को नाले में देखा तो उसने इसकी सूचना ढाबा संचालक को दी। ढाबा संचालक ने मामले की सूचना पुलिस थाना में दी। सूचना मिलते ही वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो हाईवे के नीचे से पानी की क्रॉसिंग के लिए बनी पुलिया में करीब दो से ढाई फुट अंदर शव मिला जिसका केवल सिर दिखाई दे रहा था।
शव को कीचड़ से बाहर निकाला तो उसकी तलाशी लेने पर उसकी जेब से मिले आधार कार्ड से शव की पहचान राजकुमार (40) वासी खेड़ी शहीदां के रूप में हुई है। मृतक के भाई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उसका भाई राजकुमार पहले भी कई दिनों के लिए घर से शादियों में काम करने के लिए चला जाता था। नौ मार्च को भी वह घर से चला गया था। उन्होंने सोचा कि उसका भाई किसी शादी समारोह या अन्य किसी काम से गया होगा। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक के परिजनों ने फिलहाल किसी पर शक जाहिर नहीं किया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।