कुरुक्षेत्र। केंद्र सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर छात्रवृत्ति योजनाओं की अंतिम तिथियों में विस्तार किया है। यह निर्णय विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए विद्यार्थी 15 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। संस्थान स्तर पर सत्यापन 30 नवंबर तक और जिला, राज्य व मंत्रालय स्तर पर 15 दिसंबर तक होगा। पोस्ट-मैट्रिक और टॉप क्लास केंद्रीय क्षेत्र की छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर है। इन योजनाओं का संस्थान स्तर पर सत्यापन 15 दिसंबर तक तथा जिला, राज्य व मंत्रालय स्तर पर 31 दिसंबर तक किया जा सकेगा। संबंधित विभागों, विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों को पात्र विद्यार्थियों को जानकारी देने तथा आवेदन व सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।