कुरुक्षेत्र। हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अभी भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। पिछले तीन दिन से कमेटी में यह घमासान और तेज हो गया है। सोमवार को गुरुद्वारा छठी पातशाही पहुंचे हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के पूर्व कार्यकारी प्रधान एवं सदस्य बाबा बलजीत सिंह दादूवाल ने कहा कि वर्तमान कमेटी के प्रधान व अन्य सभी सदस्य डोप टेस्ट करवाएं, ताकि सच्चाई संगत के सामने आ सके।
उन्होंने कमेटी के प्रधान महंत करमजीत सिंह और महासचिव गुरविंदर सिंह धमीजा द्वारा रविवार को यहां पत्रकार वार्ता के दौरान लगाए गए तमाम आरोपों को खारिज किया और कहा कि रविवार को ही अंबाला में हुई कमेटी के कुछ सदस्यों की बैठक में रखे गए उस प्रस्ताव का भी वह समर्थन करते हैं कि कमेटी के सभी 38 मेंबरों को अपना डोप टेस्ट करवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कमेटी के प्रधान, महासचिव सहित सभी सदस्य डोप टेस्ट करवाने को तैयार हैं, तो वे मीडिया की हाजिरी और वीडियोग्राफी के बीच डोप टेस्ट करवाना चाहेंगे, ताकि किसी आरोप की कोई गुंजाइश न रहे।
दादूवाल ने कमेटी के महासचिव गुरविंदर सिंह धमीजा पर आपत्तिजनक टिप्पणी की और कहा कि वे कमेटी का सदस्य बनने के मापदंड भी पूरे नहीं करते। कमेटी के एक्ट के अनुसार कोई भी वेतनभोगी कर्मचारी कमेटी का सदस्य नहीं बन सकता, जबकि गुरविंदर सिंह धमीजा हरियाणा पंजाबी साहित्य अकादमी में डिप्टी डायरेक्टर हैं। उन्होंने प्रधान महंत करमजीत पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि रविवार को बैठक में प्रधान व महासचिव के साथ महज 18 सदस्य मौजूद रहे, जबकि 20 सदस्य गैरहाजिर थे। ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही दसवीं नाडा साहिब में आगामी 5-6 माह के लिए भी लंगर की रसद पड़ी होने के प्रधान के दावे पर बाबा बलजीत सिंह दादूवाल ने गुरुद्वारा साहिब के मैनेजर का वह पत्र दिखाया, जो उसने गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब के मैनेजर को वहां से देसी घी और सूखा दूध मंगवाने के लिए लिखा था। दादूवाल ने कहा कि प्रधान व महासचिव को चाहिए कि वह संगत को गुमराह करने की बजाय सच्चाई को स्वीकार करें । उधर इस संबंध में प्रधान महंत करमजीत से बातचीत नहीं हो सकी।
सभी आरोप निराधार : धमीजा
उधर, वर्तमान के महासचिव गुरविंदर सिंह धमीजा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि हर सिख श्री अकाल तख्त साहिब अमृतसर को समर्पित हैं। तख्त के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी हरप्रीत सिंह यदि कोई हुक्मनामा जारी करके हमें डोप टेस्ट करवाने का निर्देश देते हैं, तो उसका अवश्य पालन किया जाएगा। उन्होंने संत बलजीत सिंह दादूवाल द्वारा लगाए आरोपों को खारिज किया और कहा कि वे कमेटी के सदस्य होकर भी इसे सरकारी कमेटी कहकर बदनाम कर रहे हैं। वह अपना इस्तीफा देकर कोई बात करें। धमीजा ने कहा कि वे सरकार के किसी भी रूप में कोई मुलाजिम नहीं है और न ही किसी किस्म का कोई वेतन ले रहे हैं।