साइबर ठगों ने दो बैंक उपभोक्ताओं के अकाउंट से एक लाख चार हजार 890 रुपये निकाल लिए। ठगों ने एक बैंक उपभोक्ता के अकाउंट से 22 बार में 34 हजार 980 रुपये तथा दूसरे के अकाउंट से 70 हजार रुपये निकाले। सेक्टर-5 वासी ईश्वर चंद गोयल ने सदर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसका बेटा गौरव गोयल व उसकी पुत्रवधू अमेरिका में रहते हैं। उसके बेटे व पुत्रवधू का संयुक्त अकाउंट आईसीआईसीआई बैंक में है। 17 अगस्त की सुबह 7:29 से 7:33 के बीच उसके बेटे गौरव गोयल व पुत्रवधू के बैंक अकाउंट से ऑनलाइन 70 हजार रुपये निकाल लिए। यह राशि 10-10 हजार रुपये करके निकाली गई। वहीं गांव बगथला वासी सुखचैन सिंह ने झांसा थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसका पंजाब नेशनल बैंक लुखी में अकाउंट है। उसके अकाउंट से 22 जून से 6 जुलाई के बीच 22 बार में किसी ने धोखाधड़ी से 34 हजार 980 रुपये निकाल लिए। उसके पास एक बार भी मोबाइल पर संदेश नहीं आया, जबकि उसका मोबाइल नंबर बैंक खाते से जुड़ा हुआ है। वह 10 रुपये का भी लेन-देन करता है तो उसके मोबाइल पर संदेश आया है। आरोप लगाया कि वह इस मामले में बैंक के प्रबंधक से मिला था, लेकिन उसने साफ तौर से उसकी कोई मदद करने से इंकार कर दिया। पुलिस ने दोनों मामले दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।