रेलवे रोड पर अवैध पार्किंग के कारण रोजाना लगने जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने कमान संभाल ली है। लिहाजा शुक्रवार को यहां अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ कई वाहनों के चालान भी किए गए। पुलिस की कार्रवाई को देख चालक खुद अपने वाहन सही ढंग से पीली पट्टी के भीतर खड़ा करते नजर आए। पुलिस द्वारा वाहन चालकों को लाउडस्पीकर में चेतावनी भी दी गई कि किसी का भी वाहन अब पीली पट्टी से बाहर खड़ा मिला तो कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि रेलवे रोड पर अवैध पार्किंग के कारण लगने वाले जाम की समस्या को अमर उजाला द्वारा मंगलवार के अंक में प्रमुखता से उठाया गया। मामले में यातायात प्रभारी रामकरण ने संज्ञान लेते हुए टीमों का गठन कर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई। वहीं सख्ती से आदेश दिए गए कि कोई भी वाहन अवैध पार्किंग में खड़ा दिखे तो बगैर किसी चेतावनी उसका चालान किया जाए। वहीं जो चालक अपने वाहन को सड़क पर खड़ा करके कई-कई देर तक नहीं लौटते ऐसे वाहनों को टोचन मशीन से उठा लिया जाए। शुक्रवार को रेलवे रोड पर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सड़क काफी चौड़ी नजर आई। इस दौरान पांच वाहनों के चालान किए गए। कई वाहन चालकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। यातायात प्रभारी रामकरण ने कहा कि सारे शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर अभियान चलाया गया है। यदि कोई भी व्यक्ति अवैध पार्किंग में अपना वाहन खड़ा करता है तो तुरंत उसका चालान किया जाएगा। वहीं वाहन को इंपाउंड भी किया जा सकता है।