कुरुक्षेत्र। जीटी रोड उमरी चौक से धर्मनगरी में प्रवेश करने वाले दो मुख्य मार्ग चकाचक होने वाले हैं। पिछले करीब 10 साल से राहगीर इन दोनों मार्गों पर हिचकोले खा रहे हैं, लेकिन इस समस्या से अब जल्द ही लोगों को राहत मिलेगी। नगर परिषद द्वारा इन दोनों को सड़कों करीब पांच करोड़ 40 लाख रुपये खर्च कर बनाया जाएगा। ये दोनों ही सड़कें जीटी रोड उमरी चौक से धर्मनगरी को जोड़ते हैं और गहरे गड्ढों में तब्दील इन सड़कों पर हर रोज सैकड़ों वाहनों की आवाजाही रहती है। अनेक बार हादसे हो चुके हैं तो इनके निर्माण को लेकर कई बार लोग सड़कों पर भी उतर चुके हैं। यहां तक कि शहर का बड़ा मुद्दा भी ये रोड बन चुके हैं।
1800 मीटर लंबे उमरी चौक से पावर ग्रिड रोड के एक हिस्से पर खर्च होंगे दो करोड़ 80 लाख
जीटी रोड उमरी चौक से यह रोड सेक्टर 30, सेक्टर तीन, सेक्टर आठ, सेक्टर 29, जिंदल सिटी, पलवल, पंकज कॉलोनी, लोटस सिटी, सेक्टर आठ आयुष विश्वविद्यालय व आयुर्वेदिक कॉलेज को जोड़ते हुए सुंदरपुर पुल के पास केडीबी रोड से मिलता है। भाजपा जिला कार्यालय सहित कई अन्य शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने का भी यही माध्यम है। सेक्टर 30 से पावर ग्रिड कॉम्पलेक्स तक सड़क 10 साल से खस्ता हालत में है। पुलिस प्रशासन ने इसी रोड से हैवी वाहनों की आवाजाही डायवर्ट की हुई है तो वहीं इस रोड का गीता जयंती महोत्सव व अन्य आयोजन पर पर श्रद्धालु एवं पर्यटक भी प्रयोग करते हैं। इसके बावजूद इतने वर्षों से अधर में अटका निर्माण नहीं किया जा सका। करीब एक साल पहले एक साइड के रोड का निर्माण किया गया था लेकिन यह भी करीब छह माह तक भी भार सहन नहीं कर पाया और मरम्मत करनी पड़ रही है तो वहीं दूसरी ओर का निर्माण आज तक शुरू ही नहीं हो पाया। इस रोड के निर्माण की मांग को लेकर लोग धरने तक दे चुके हैं तो प्रशासन व सरकार से भी गुहार लगा चुके हैं। यहीं पर कई बार हादसे भी हो चुके हैं। इसके निर्माण को लेकर कई बार प्रयास भी किए, यहां तक कि निविदा लगाए जाने व बजट जारी होने तक के दावे किए गए, लेकिन ये हकीकत नहीं बन पाए। अब फिर इसके निर्माण की आस जगी है, जिसके लिए दो करोड़ 80 लाख के बजट का प्रस्ताव तैयार किया है।
खड़ी रहेंगी बीच में दीवार, दो करोड़ 60 लाख से चकाचक होगा रोड
उमरी चौक सेक्टर 30 से एक मुख्य रोड सेक्टर चार, आठ को जोड़ते हुए श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय, सीआईए स्टाफ, पॉलिक्लीनिक व कई शिक्षण संस्थानों को जोड़ते हुए आगे केडीबी रोड से ही मिलता है। बताया जा रहा है कि न्यायिक मामलों के चलते इस रोड के बीचोंबीच कई जगहों पर दीवार तक कई वर्षों पहले खींची गई थी, लेकिन हुड्डा विभाग की ओर से इन दीवारों को टालते हुए इस रोड पर आवाजाही जारी रखी थी, लेकिन कई वर्ष बीत जाने के बाद भी लोगों की राह आसान नहीं हो सकी। गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुका यह रोड राहगीरों को गहरे जख्म दे रहा है। इसके निर्माण को लेकर भी अनेक बार लोग प्रशासन व सरकार से गुहार लगा चुके हैं। यहां तक गड्ढों को भरने की भी जहमत नहीं उठाई गई। अब दो करोड़ 60 लाख की लागत से इसके निर्माण की योजना नगर परिषद ने तैयार की है।
एक रोड के निर्माण की निविदा लगाई, दूसरे की जल्द लगेगी : ईओ
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अभय यादव का कहना है कि उमरी चौक जीटी रोड से शहर को जोड़ने वाले दोनों रोड का निर्माण कार्य जल्द शुरू किए जाने का प्रस्ताव तैयार किया है। सेक्टर 30 से पावर ग्रिड कॉम्पलेक्स तक बाकी एक ओर के रोड के निर्माण पर दो करोड़ 80 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके लिए निविदा लगा दी गई और अगले 15 दिन तक प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू किए जाने की योजना है। वहीं सेक्टर 30 चौक से आयुष विश्वविद्यालय रोड का निर्माण भी दो करोड़ 60 लाख के बजट से किया जाना है। इसके लिए एक सप्ताह तक निविदा लगा दी जाएगी।