कुरुक्षेत्र। रिश्वत लेने के आरोपी बिजली विभाग के एसडीओ के पक्ष में बिजली कर्मचारी आ गए हैं। कर्मचारियों ने एफिडेविट देकर बताया है कि उनके अधिकारी को गलत फंसाया गया है।
एसडीओ रामजनम को बेकसुर बताते हुए उनके पुत्र संदीप ने बताया कि 8 सितंबर को राज्य सतर्कता ब्यूरो ने इस्माईलाबाद से रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार किया था, जबकि इस मामले में उनके साथ के कर्मचारी और अधिकारी ब्यूरो के अधिकारियों को बताया भी था कि एसडीओ गलत नहीं है। उन्होंने बताया कि अब वे इस मामले की दोबारा से जांच करवाना चाहते हैं, जिससे साफ हो जाएगा कि वे बेकसूर हैं।
बुधवार को अमर उजाला को एसडीओ के पुत्र संदीप ने बताया कि उनके पिता के पक्ष में काफी कर्मचारियों ने एफिडेविट दिए हैं। इसमे साफ कहा गया है कि उनके पिता बेकसूर हैं। उन्हें रंजिश के तहत फंसाया गया है। संदीप के अनुसार कुछ समय पहले उनके पिता ने किसी के घर में छापेमारी की थी। इसमें बिजली चोरी पाई गई थी। बस इसी का बदला लेने के लिए उनके हाथ में पैसे पकड़ाकर उन्हें फंसाया गया है। संदीप के अनुसार सभी बिजली कर्मचारी मांग करते हैं कि इस मामले की उच्च अधिकारी जांच करे।