राजेश पहलवान इससे पहले पटियाला बस स्टैंड से भी फरार हो चुका है। कैथल के राजौंद कस्बे के एक छोटे से गांव खेड़ी सिंबलवाली निवासी राजेश पहलवान ने नशा तस्करी के रास्ते अपराध की दुनिया में कदम रखा है।
उसके खिलाफ कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी थाने मेें केस दर्ज है। साथ ही पुंडरी और पटियाला में भी आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। संभावना जताई जा रही है कि राजेश को छुड़ाने के लिए पहले से ही प्लानिंग की हुई थी। इस पूरे खेल में पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग गया है।
पंजाब पुलिस की लापरवाही से हुई वारदात
कैथल जिले के राजौंद खंड के गांव खेड़ी सिंबलवाली का निवासी राजेश पहलवान करीब 5-6 वर्षों से गांव से संपर्क नहीं रखता। गांव में एक छोटे से परिवार से ताल्लुक रखने वाले राजेश पहलवान के पिता हैफेड में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं।
वह करीब 5-6 वर्ष पहले पंजाब के नशा तस्करों के चंगुल में फंस गया था। वहीं से उसने आपराधिक जगत में कदम रखा। नशे के मामले में पटियाला पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी किया था। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पटियाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब तीन और फिरौती मांगने का एक केस दर्ज है।
एक बार वर्ष-2014 में पंजाब पुलिस उसे अदालत में ला रही थी, तो पुलिस की आंखों में चकमा देकर वह फरार हो चुका है। इसके बाद उसे दोबारा गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ कैथल के पुंडरी थाना में अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज है। सितंबर 2015 में उसने केयू के हॉस्टलर एक छात्र के साथ भी मारपीट की थी। इसी मामले में मंगलवार को सुनवाई होनी थी।
जेल से निकलते ही रैकी की आशंका
घटनाक्रम देखकर पुलिस आशंका जात रही है कि राजेश पहलवान को छुड़ाने के लिए उसके बदमाश साथियों ने पूरी प्लानिंग की थी। उन्हें पता था कि मंगलवार को राजेश पेशी पर आएगा। इसलिए वे पूरी तैयारी से आए। संभावना जताई जा रही है कि बदमाशों का गैंग पटियाला जेल से ही रैकी कर रहा था।
ऑटो वाले के साथ बैठे करते रहे इंतजार
एसपी सिमरदीप सिंह को प्रत्यक्षदर्शी ऑटो वाले ने बताया कि हमला करने वाले बदमाश बहुत देर तक उसके पास ऑटो में बैठे रहे। जब वे मारपीट कर रहे थे, तो वह डर के कारण नजदीक नहीं जा पाया। इतने शातिर अपराधी को महज दो पुलिस कर्मियों के भरोसे भेजना पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा रहा है। पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली से हरियाणा पुलिस के अधिकारी भी अचंभित हैं।
आरोपी राजेश पहलवान पर एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, फिरौती मांगने, मारपीट करने के पटियाला, कुरुक्षेत्र और कैथल में केस दर्ज हैं। वह पहले भी पटियाला से फरार हो चुका है। राजेश और उसके साथियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अमन कुमार, प्रभारी, सीआईए-2, कुरुक्षेत्र।