लिंग जांच मामले में फरार चल रहे आरोपी डॉक्टर को पुलिस ने कुरुक्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तारी के बाद डॉ. परमजीत को मेडिकल के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जांच के बाद उसे कुरुक्षेत्र में न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी डॉक्टर को पुलिस ने शुक्रवार दोपहर को द्रोणाचार्य स्टेडियम कुरुक्षेत्र के पास से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने न्यायालय में डॉक्टर का रिमांड मांगा था, क्योंकि डाक्टर के पास से 10 हजार रुपए की राशि व इस घटना में प्रयोग में लाए मोबाइल फोन को बरामद करना था, जिस पर न्यायाधीश ने डॉक्टर को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। बता दें कि लाडवा रोड स्थित हेयर अस्पताल में मंगलवार दोपहर को स्वास्थ्य विभाग अंबाला व कुरुक्षेत्र की संयुक्त टीम ने छापामारी की थी और वहां पर लिंग जांच के मामले को पकड़ा था। लेकिन, टीम के मौके पर पहुंचने की भनक लगते ही डाक्टर चलती अल्ट्रासाउंड मशीन छोड़कर फरार हो गया था। जबकि टीम ने बिचौलिया दाई के पास से हस्ताक्षर युक्त नोट बरामद करा लिए थे। इस हाई प्रोफाइल मामले में प्रदेश सरकार व प्रशासन की पूरी नजर थी और डीसी के आदेश सीएमओ ने भी अधिकारियों की बैठक ली थी, जिसके बाद डीएसपी गुरमेल सिंह व थाना प्रभारी राजेश कुमार ने टीमें बनाकर अनेक स्थानों पर दबिश दी थी।