पुलिस की अपराध शाखा ने शाहाबाद लाडवा रोड पर जंधेड़ी मोड के नजदीक दो कारों से 15 लाख 68हजार 500 रुपए की नई करेंसी बरामद की है। अपराध शाखा इंस्पेक्टर बलजीत सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि दो कारों में भारी मात्रा में नई करेंसी ले जाई जा रही है जिस पर कार्रवाई करते हुए उनकी टीम ने जंधेड़ी मोड पर दोनों कारों को रोक कर तलाशी ली। जिसमें 15 लाख 68 हजार 500 रुपए की नई करेंसी बरामद हुई। इनमें 2000 रुपए के 625 नोट, 500 रुपए 177 नए नोट व 100 रुपए के 2300 रुपए थे। उन्होंने बताया कि अपराध शाखा के एडीजीपी पीके अग्रवाल के निर्देशानुसार नोटों की अदला-बदली रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया है और इसी के अंर्तगत कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी रमेश चंद ने बताया कि अपराध शाखा की टीम ने यह राशि पकड़ी थी। जिसे वह अपने साथ लेकर दोनों कारों व दोनो युवकों कुरुक्षेत्र की न्यू कॉलोनी निवासी दीपक व विशेष गर्ग को थाना शाहाबाद ले जाया गया, जहां पर आगामी पूछताछ की जाएगी। दोनों युवक खुद को बिजनैसमेन बता रहे है। उन्होंने बताया कि इंकम टेक्स के डिप्टी डायरेक्टर एवं करेंसी के जांच अधिकारी प्रेम सिंह को सूचना दे दी गई है और उनकी टीम ही इन युवकों से इस करेंसी के स्त्रोत के बारे में जानकारी प्राप्त करेगी। इंकम टेक्स अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बता दें कि नई करेंसी की शाहाबाद में पकड़े जाने की यह दूसरी घटना है इससे पूर्व 16 दिसंबर की रात को स्थानीय पुलिस ने एक युवक के पास से नई अनाज मंडी मोड पर 10 लाख 22 हजार 30 रुपए की नई करेंसी बरामद की थी।