महिला रिंकी की हत्या प्रकरण में पुलिस ने पैरोल पर आए सोनू और उसके चचेरे भाई बाबी को गिरफ्तार किया है। इन्हें बुधवार को कुरुक्षेत्र की अदालत में पेश किया जाएगा। हालांकि तीसरा आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। यहां बता दें कि पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इन पर आरोप है कि तीनों ने अपने गांव वासी 26 वर्षीया रिंकी के घर में घुसकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस संदर्भ में 6 फरवरी को लाडवा थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
सैन समुदाय से ताल्लुक रखने वाली रिंकी की हत्या के बाद अखिल भारतीय सैन सभा के अध्यक्ष रतन सिंह और अन्य पदाधिकारी सोमवार को गांव खेड़ी दबदलान पहुंचे थे। इन्होंने पुलिस को अल्टीमेटम दिया था कि अगर हत्यारोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से मिलेंगे। इस अल्टीमेटम के अगले ही दिन दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सोनूू का भाई सौरव अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इन पर आरोप है कि रविवार रात को इन्होंने सरियों के प्रहार से रिंकी की हत्या की थी।
गिरफ्तारी के लिए बनाई थी सीआईए की तीन टीमें
लाडवा थाना में डीएसपी जगदीश राय व थाना प्रभारी निर्मल कुमार ने बताया कि हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस व सीआईए की तीन टीमें गठित की गई थी जो लगातार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही थी। पुलिस ने बाबी पुत्र अर्जुन सिंह व सोनू पुत्र दीपचंद कां गांव खेडी दाबदालान से गिरफ्तार किया है। डीएसपी जगदीश राय ने बताया कि दोनों आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पति ने कहा रंजिश में की पत्नी की हत्या
रविवार रात गांव खेडी दाबदालान में घर में बच्चों को खाना खिला रही एक महिला रिंकी की गांव के ही तीन युवकों ने लोहे की राड मार कर हत्या कर दी थी। महिला के पति जितेंद्र कुमार की शिकायत पर लाडवा पुलिस ने बाबी व उसके चचेरे भाईयों सोनू व सौरव के खिलाफ मामला दर्ज किया था। महिला के पति जितेंद्र ने बाबी पर रिंकी से छेड़छाड़ व तंग करने का भी आरोप लगाया था। जितेंद्र के अनुसार बाबी उसकी पत्नी से गांव में ही छेड़छाड़ नहीं करता था, बल्कि वह रिंकी के मायके गांव जैधरी मे भी उसके पीछे पहुंच गया था जहां गांव जैधरी के लोगों ने उसे पकड़कर उसकी पिटाई की थी। जिसके बाद से वह उनके साथ रंजिश रखने लगा था।