Kurukshetra: जेल में बंद हवालाती के प्राइवेट पार्ट से मिला मोबाइल, आरोपी कोर्ट से पेशी के बाद लौटा तो हुआ शक
Sat, 22 Apr 2023 06:52 PM IST
नवीन दलाल
संवाद न्यूज एजेंसी, कुरुक्षेत्र (हरियाणा)
सार
कुरुक्षेत्र के पुलिस कप्तान सुरेंद्र सिंह भौरिया की अगुवाई जिला जेल में तलाशी अभियान चलाया गया था। इस अभियान के लिए चार टीमें बनाई गई थी, जिसमें 50 से अधिक जवान शामिल थे। डीएसपी रामदत्त नैन, सीआईए- एक और दो सहित महिला कर्मियों की टीम ने जेल में गहनता से छानबीन की थी।
कुरुक्षेत्र जेल में बंद एक हवालाती से एक छोटा मोबाइल बरामद किया गया है। हवालाती ने मोबाइल को अपने प्राइवेट पार्ट में छिपा रखा था। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से पुलिस को कचोड़ा कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ। हालांकि मोबाइल में कोई सिम नहीं थी। जिला जेल उपाधीक्षक की शिकायत पर पुलिस ने हवालाती साहिल निवासी डीडी कॉलोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
मोबाइल से कोई सिम बरामद नहीं हुई
थाना शहर थानेसर में दर्ज शिकायत में जिला जेल डीएसपी शिवेंद्र पाल ने बताया कि जिला जेल की गार्द जेल में बंद हवालाती साहिल को कोर्ट में पेश करने के लिए लेकर गई थी। पेशी के बाद उसे वापस जेल लाया गया। यहां उसकी तलाशी ली तो उसके प्राइवेट पार्ट से कचोड़ा कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ। हालांकि मोबाइल से कोई सिम बरामद नहीं हुई। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
हाव-भाव से हुआ शक
जेल कर्मियों को साहिल के हाव-भाव और हरकतों से उस पर शक हो गया था। वह अलग ही तरीके से चल रहा था। जेल कर्मियों ने उससे पूछताछ की तो वह पर घबरा गया। शक होने पर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी लेने पर उसके प्राइवेट पार्ट से एक छोटा मोबाइल बरामद हुआ। थाना शहर थानेसर पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर आरोपी के पास मोबाइल कहां से आया।
विज्ञापन
एक दिन पहले एसपी ने जेल में चलाया था अभियान
एक दिन पहले जिला पुलिस कप्तान सुरेंद्र सिंह भौरिया की अगुवाई जिला जेल में तलाशी अभियान चलाया गया था। इस अभियान के लिए चार टीमें बनाई गई थी, जिसमें 50 से अधिक जवान शामिल थे। डीएसपी रामदत्त नैन, सीआईए- एक और दो सहित महिला कर्मियों की टीम ने जेल में गहनता से छानबीन की थी। हालांकि जेल से कोई भी आपत्तिजनक और संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी, मगर सवाल उठता है कि साहिल के पास मोबाइल किस समय और कहां से आया।