हरियाणा के कुरुक्षेत्र शहर के वार्ड-24 के पूर्व पार्षद ओम प्रकाश ओपी से लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से पैसे मांगे हैं। घटना के बाद से पूर्व पार्षद का परिवार बेहद डरा हुआ है। पूर्व पार्षद ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर जल्द ही ठोस कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
पूर्व पार्षद ओपी ने बताया कि आज वह अपने कार्यालय में बैठे हुए थे। सुबह 11:39 बजे उनके पास व्हाट्सएप पर एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपये मांगे। इस पर उन्होंने उसे बताया कि उनके पास इतनी मोटी रकम नहीं है।
वे बेहद गरीब आदमी है। तब कॉल करने वाले से उसे धमकाया कि उसने इस बारे में पूरी तहकीकात कर ली है। उसका एक बेटा है। अब वह दोबारा उसे कॉल करेगा। दो दिन तक पैसे नहीं दिए तो उसका अंजाम भुगतना पड़ेगा।
इस मामले में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक अरोड़ा ने भी गहरा रोष प्रकट किया है। साथ ही पुलिस प्रशासन से जल्द मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच का जिम्मा सीआईए-दो टीम को सौंपा है।
सोमवार को भी आई दो कॉल
पूर्व पार्षद ओपी ने बताया कि सोमवार को भी उनके व्हाट्स एप पर दो कॉल आई थी। कॉल वाले नंबर पर लॉरेंस बिश्नोई की डीपी लगी हुई थी। उसने उस कॉल को नजर अंदाज कर दिया था। अब दो दिन के बाद दोबारा कॉल आई , जिसके बाद से उनका पूरा परिवार सहमा हुआ है।