हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मिट्टी बेचने व खरीदने वाले ठेकेदार का अपहरण कर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने कुछ घंटे बाद ही ठेकेदार को यमुनानगर से तलाश कर लिया है। अब ठेकेदार का यमुनानगर के ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। ठेकेदार का अपहरण करने वाले आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। थाना लाडवा पुलिस सहित सीआईए-एक व सीआईए-दो उनकी तलाश कर रही है।
आरोपियों ने ठेकेदार को मिट्टी बेचने के बहाने से यमुनानगर अपने पास बुलाया था, वहां पर आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया और उसी के फोन से परिजनों को कॉल करके 20 लाख रुपये फिरौती मांगी थी। मांग पूरी न होने पर ठेकेदार को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस की सतर्कता के चलते ठेकेदार को यमुनानगर से उसकी कार सहित तलाश कर लिया गया।
पुलिस उपाधीक्षक लाडवा जय सिंह ने बताया कि बुधवार को जगमाल सिंह निवासी लाडवा ने थाना लाडवा पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह और उसका भाई जरनैल सिंह मिट्टी खरीद व भराई का काम करते हैं। सुबह आठ बजे उसका भाई अपने कार्यालय बैठा हुआ था। तभी उसके भाई के पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई, जिसने बताया कि वह मिट्टी बेचना चाहता है। अगर वह मिट्टी खरीदना चाहता है तो गजलाना (यमुनानगर) आकर मिट्टी देख सकता है।
इस पर उसका भाई अपनी कार में सवार होकर गजलाना चला गया था। काफी देर तक उसके भाई का फोन नहीं आया तो उसने अपने भाई को फोन किया, लेकिन उसके भाई का फोन बंद मिला। कुछ समय बाद उसके भाई के फोन से कॉल आई, जिसमें एक व्यक्ति ने कहा कि आपका भाई हमारे पास है 20 लाख रुपये दो। साथ ही धमकी दी कि अगर पुलिस से संपर्क किया तो उसके भाई को जान से मार देंगे।
शिकायत पर पुलिस हरकत में आ गई, जिसके बाद पुलिस ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के माध्यम से जिला कुरुक्षेत्र, अंबाला व यमुनानगर में नाके लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी। पुलिस की नाकाबंदी, मुस्तैदी और तत्परता के कारण आरोपी दूर नहीं जा पाए और वह जरनैल सिंह को उसकी कार में नवाजपुर (यमुनानगर) में छोड़कर फरार हो भाग गए।
सूचना पर थाना लाडवा पुलिस, सीआईए-एक और सीआईए-दो की टीम ने नवाजपुर पहुंचकर कार की तलाशी ली। जरनैल सिंह कार की डिक्की में बंद मिला, जो काफी डरा हुआ था। पुलिस टीम ने उसे कार से निकालकर यमुनानगर के ट्रामा सेंटर दाखिल कराया, जहां पर उसका इलाज चल रहा है। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि तीनों जिलों की पुलिस ने नाकाबंदी की थी। इस कारण आरोपी कार को कहीं दूर ले जाने में असमर्थ रहे और कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। शीघ्र ही उनको काबू कर लिया जाएगा।