जिला अदालत परिसर में शुक्रवार दोपहर को पेशी पर आए एक विचाराधीन बंदी ने मामले के जांच अधिकारी एएसआई को थप्पड़ मार दिया। इस हमले से एएसआई खुद को संभाल नहीं पाए। कैदी के पुलिसकर्मी पर हमले से परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर सेक्टर-7 चौकी प्रभारी पहुंच गए। उन्होंने बंदी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला कारागार में डकैती, लूट, चोरी आदि का आरोपी जब्बर सिंह बंद है। उसे शुक्रवार को पुलिस कड़ी सुरक्षा मेें अदालत लाई थी। दोपहर को आरोपी को पेशी के लिए अदालत ले जाया जा रहा था। आरोपी सत्र न्यायालय के बाहर पहुंचा, तो सामने से एक मामले जांच अधिकारी एएसआई रामपाल आ रहे थे। दोनों आमने-सामने पहुंचे, तो आरोपी जब्बर सिंह ने अचानक एएसआई पर हमला कर दिया। एएसआई रामपाल केस में गवाही देने के लिए अदालत में आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो आरोपी ने एएसआई को थप्पड़ मारा और काफी अभद्रता भी की। हालांकि, साथ चल रहे पुलिस कर्मियों ने जब्बर सिंह को तुरंत काबू कर लिया। सेक्टर-7 चौकी प्रभारी ने बताया कि एएसआई रामपाल के बयान पर आरोपी जब्बर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।