दो बाइक भिड़ीं, एक की मौत, दूसरा घायल
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा।
हिनौरी रोड पर दो बाइक की आपस में टक्कर से एक की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने वाला बाइक सवार वाहन सहित भाग गया। टक्कर से बाइक चालक साहब सिंह निवासी भूतमाजरा की मौके पर ही मौत हो गई। घायल को गंभीर हालत के चलते एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र भेजा गया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कुरुक्षेत्र भेज दिया है।
गांव भूतमाजरा निवासी साहब सिंह पुत्र अजित सिंह गांव के ही एक अन्य व्यक्ति रुलदाराम के साथ बाइक पर सवार होकर लाडवा की ओर आ रहा था। इस दौरान वह हिनौरी रोड स्थित पंप पर बाइक में पेट्रोल डलवाकर सड़क पर आया, तो दूसरी ओर से आ रही बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर मारने वाला बाइक चालक भिड़ंत के बाद मौके से भाग निकला। दूसरी बाइक पर सवार साहब सिंह और रुलदाराम सड़क पर गिर गए। साहब सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रुलदाराम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल रुलदाराम को लाडवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत के चलते कुरुक्षेत्र सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुरुक्षेत्र भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।