सारसा बच्चों के हत्याकांड मामले में 23 को होगा सोनू का पॉलीग्राफ टेस्ट
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा।
गांव सारसा के समीर, सिमरन और समर हत्याकांड मामले में ग्रामीण बुधवार को आईजी सुभाष यादव से मिले। आईजी ने मामले में बच्चों के पिता सोनू का 23 जनवरी को पॉलीग्राफी टेस्ट करवाने का आश्वासन दिया है। राजेश मलिक ने बताया कि बच्चों के हत्याकांड मामले को लेकर कमेटी की अगुवाई में ग्रामीण बुधवार को करनाल में आईजी सुभाष यादव से मिलने पहुंचे थे। वहां आईजी ने उन्हें 23 जनवरी को सोनू का पॉलीग्राफी टेस्ट की तारीख दी है। सीएम द्वारा गठित एसआईटी भी अपनी रिपोर्ट 26 जनवरी तक सौंप देगी। उन्होंने बताया कि यदि ग्रामीण एसआईटी की जांच रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं हुए तो वे मामले में सीबीआई जांच की मांग करेंगे। बता दें कि इस हत्याकांड के मुख्या आरोपी बच्चों के चाचा जगदीप मलिक ने 28 दिसंबर को कुरुक्षेत्र की जेल में आत्महत्या कर ली थी। इस मामले को लेकर भी ग्रामीण पुलिस पर आरोप लगाकर मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। फिलहाल बच्चों को पिता सोनू न्यायिक हिरासत में है।