अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद।
लाडवा रोड पर वीरवार को 2 मोटरसाइकिलों पर सवार 6 युवकों ने कोरियर ब्वाय की आंखों में मिर्ची झोंककर बैग झपट कर फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलते ही शाहाबाद के डीएसपी जगदीश राय, थाना प्रभारी नायब सिंह, हुडा चौकी प्रभारी राजपाल मौके पर पहुंचे और शहर की नाकाबंदी करवाई, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने शाहाबाद-लाडवा रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
पुलिस को दी शिकायत में गांव अजरावर निवासी राजीव ने कहा है कि कोरियर ब्वाय के तौर पर कार्य करता है। रोजाना की तरह वीरवार को सुबह वह शाहाबाद में कोरियर डिलीवर करने के लिए आया था। उसने कोरियर प्राप्त करने वाले व्यक्ति को फोन किया जिस पर उस व्यक्ति ने उसे लाडवा रोड पर लैंड मार्क अस्पताल के नजदीक कोरियर देने को कहा। जिस पर वह बताए गए स्थान पर पहुंच गया। इसी बीच 2 मोटरसाइकिलों पर 6 अज्ञात युवक आए और अपनी मोटरसाइकिलें उसके आगे खड़ी कर दी और आंखों में मिर्ची डालकर बैग छीनकर फरार हो गए। कोरियर ब्वॉय के बैग में कई महंगे मोबाइल व 7-8 अन्य कोरियर थे। मामले की जानकारी मिलते ही सीआईए के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच में जुट गए। फिलहाल मामले में कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।