फंदा लगाकर की खुदकुशी
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद। माजरी मोहल्ला आनंद गली में एक व्यक्ति ने पंखे से फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान कमल कुमार के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी वीना ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह अपने पति कमल के साथ माजरी मोहल्ला आनंद गली में रहती है। रेडीमेड कपड़ों की दुकान करती है। उन्होंने कहा कि वह अपने मायके शाहाबाद में ही डॉ. हरनाम सिंह गली में गई हुई थी। उनके बच्चों के नतीजे आए थे, जिसकी सूचना देने के लिए उसने अपनी पति को शाम छह बजे फोन किया। पति ने फोन नहीं उठाया। इस पर उसने अपनी चाची सास को संपर्क किया तो उसने बताया कि कमल ऊपर वाले कमरे में अंदर से कुंडी बंद करके बैठा है। इस पर उसने अपने ससुर धर्मपाल को फोन किया, तो पता चला कि कमल ने पंख से चुन्नी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसके पति कमल को एक फाइनेंस कंपनी की राशि देनी थी। हो सकता है इस कारण उसके पति ने आत्महत्या कर ली हो। उन्होंने कार्रवाई की मांग की है।