ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही थी 240 पेटी अवैध शराब
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद।
जिला अपराध शाखा ने एक ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही शराब का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को भी काबू किया है। जानकारी अनुसार अपराध शाखा-1 के एएसआई प्रेम चंद अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। उन्हें सूचना मिली कि हरियाणा से बिहार में भारी मात्रा में शराब सप्लाई हो रही है। शुक्रवार को भी एक ट्रक में भारी मात्रा में शराब जा रही है। इस पर पुलिस ने शाहाबाद अंबाला जीटी रोड पर नाका लगा दिया और एक ट्रक को रोककर तलाशी ली। ड्राइवर से कागज और बिल मांगने पर उसने डाबर इंडिया लिमिटेड गांव लंडा के सामान के कागज पेश किए। इसके बाद पुलिस ने तलाशी ली तो सामान के नीचे से 240 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। आरोपियों की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी फरमान और सोहेल के रूप में हुई है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।