मायके आई विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, पति और सास पर मजबूर करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा । उपमंडल के गांव मेहरा में एक विवाहिता द्वारा अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नही हो पाया है, लेकिन पुलिस ने मृतका के कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें उन्होंने अपने पति व सास पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए है। पुलिस के अनुसार मृतका करीब 20 दिन पहले ही अपने मायके में रहने के लिए आई थी और शुक्रवार को ही उसका पति उसे घर ले जाने के लिए अपनी ससुराल गांव मेहरा आया था। मिली जानकारी के अनुसार गांव मेहरा की सपना की शादी करीब एक साल पहले पानीपत के गांव किशनपुरा निवासी रूपक के साथ हुई थी। करीब बीस दिन पहले ही सपना अपने मायके आई थी और शुक्रवार को उसका पति रूपक उसे ले जाने के लिए अपनी ससुराल आया था। अज्ञात कारणों से सपना ने अपने घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को जैसे ही सपना के फांसी पर लटकने का पता चला तो उन्होंने ऊपर कमरे मे जाकर देखा तब तक सपना की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस ने मृतका को फांसी से उतारकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र भेज दिया है तो वहीं सुसाइड नोट में लगाए आरोपों के अनुसार मामला दर्ज कर लिया है।