जरूरत पड़ने पर सीबीआई से कराई जा सकती है जांच : राजकुमार
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के निदेशक राजकुमार चनेना ने कहा कि गांव झांसा के युवक और युवती हत्याकांड की जांच गंभीरता से की जा रही हैं। यदि जरूरत पड़ी तो इस मामले की जांच सीबीआई से भी करवाई जा सकती है। दोषियों को सख्त सजा दिलवाई जाएगी। निदेशक राजकुमार चनेना शुक्रवार को गांव झांसा में हुई घटना को लेकर मृतक छात्र और छात्रा के परिजनों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले निदेशक राजकुमार चनेना और राकेश शर्मा ने गांव झांसा के छात्र और छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस प्रशासन द्वारा की गई छानबीन और जांच के तथ्यों की जानकारी हासिल की। अधिकारियों को जांच को ओर तेज करने के निर्देश देते हुए दोषियों को शीघ्र पकड़ने के निर्देश भी दिए। इसके पश्चात निदेशक ने दोनों के परिजनों से दु:ख साझा किया और उन्हें न्याय का आश्वासन दिया। निदेशक ने कहा कि पुलिस प्रशासन इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।