असंतुलित ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खेतों में पलटी, चालक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा।
एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। हादसा बुधवार अलसुबह चालक का संतुलन बिगड़ जाने से हुआ। मृतक की पहचान संत लाल निवासी गांव नंदी जिला करनाल के रूप में हुई है। मृतक संत लाल रेत सप्लाई करता था। दुर्घटना के समय भी रेत सप्लाई करके खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर घर जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक के शव को निकाला। मृतक संत लाल गांव भोजी जिला करनाल के किसान अमरजीत के पास ड्राइवर था। बुधवार तड़के ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर गांव भूतमाजरा से वाया गांव मुरादनगर होते हुए वापस अपने गांव जा रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे 12 फुट गहरे खेत में जा गिरी। ट्रैक्टर चालक संतलाल की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हो गई। घटना की सूचना एक राहगीर ने सुबह करीब सात बजे पुलिस दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।