एटीएम बदलकर बुजुर्ग के खाते से निकाले 41 हजार रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र ।
थाना शहर थानेसर में एक व्यक्ति का एटीएम बदलकर 41 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। थाना शहर में दी शिकायत में यशपाल गुप्ता निवासी सेक्टर 5 कुरुक्षेत्र ने बताया कि 17 मार्च को वह सेक्टर 7 स्थित एटीएम से पैसे निकलवाने गया था। उसने पैसे निकलवाकर अपना कार्ड एटीएम मशीन पर रखकर पैसे गिनने लगा। इस दौरान एक युवक आया और उसे एटीएम देकर कहा कि अंकल आप अपना कार्ड रखो। उसी दौरान युवक ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। काफी दिनों बाद अब बैंक में गया तो मैनेजर ने बताया कि उनके खाते से काफी पैसे निकल रहे हैं। खाते की जांच की तो पता चला कि एटीएम के माध्यम से कई बार रुपये निकाले गए थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच सेक्टर 7 चौकी इंचार्ज एएसआई राजपाल को सौंपी है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रतीक ने बताया कि बुजुर्ग की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।