कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस की अपराध शाखा ने ट्रांसफार्मर चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है तथा 20 से ज्यादा वारदातों का खुलासा करते हुए लाखों का सामान बरामद किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 21 मई को थाना शाहाबाद में दी अपनी शिकायत में रमेश कुमार एसडीओ बिजली वितरण निगम डिविजन नंबर 1 शाहाबाद ने बताया कि था गत 18 मार्च की रात को गांव चढुनी के किसान मनसा राम के खेत में खड़े ट्रांसफार्मर से सामन चोरी कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। 11 मई को अपराध शाखा एक इंचार्ज निरीक्षक केवल सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक पवन कुमार, सहायक उप निरीक्षक प्रेम सिंह, सहायक उप निरीक्षक विरेंद्र सिंह की टीम ने ट्रांसफार्मरों से सामान चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों की पहचान खेम चंद उर्फ खेमू वासी नयाबांस थाना डिवाई जिला बुलंदशहर यूपी व मक्खन सिंह वासी दैवपुर थाना नरौली जिला संभल यूपी के रुप में हुई है। पुलिस टीम ने अदालत से पुलिस रिमांड प्राप्त करके आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने जिला में अलग-अलग एरिया से 21 ट्रांसफार्मरों से सामान चोरी करने की वारदातों को कबूला है। पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही अनुसार करीब 1.5 क्विंटल से ज्यादा तांबा व लोहे की पत्तियां बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
यहां से किया गया ट्रांसफार्मरों का सामान चोरी
थाना शाहाबाद एरिया से 9, थाना सदर थानेसर एरिया से 5, थाना झांसा एरिया से 3, थाना केयूके व शहर थानेसर एरिया से 2-2 ट्रांसफार्मरों से सामान चोरी हुआ था, जिसकी बरामदगी उपरोक्त आरोपियों से की गई है।