तलवार से वार करने वाला सरपंच साथियों के साथ गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा । उपमंडल के गांव सलेमपुर के सरपंच को गांव के ही एक व्यक्ति पर तलवार से हमला कर घायल करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी सरपंच को उसके तीन साथियों सहित अदालत में पेश किय, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार गांव सलेमपुर में 21 मार्च को एक गली बनवाने के दौरान मिट्टी डालने को लेकर विवाद हो गया था। जिसमें गांव के सरपंच गुरमेज सिंह की गली में रहने वाले हरजिंद्र सिंह व धर्म सिंह में झगड़ा हो गया था। इसमें हरजिंद्र सिंह घायल हो गया था। मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी मूलचंद ने एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र में भर्ती घायल हरजिंद्र सिंह के बयान लिए, जिसके आधार पर पुलिस ने सरपंच गुरमेज सिंह, सतबीर सिंह उर्फ सतविंद्र, गुलजार सिंह, नानू सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया। हरजिंद्र सिंह ने बताया कि सरपंच गुरमेज सिंह मनरेगा के तहत गली बनवा रहा था। गली बनवाने के दौरान सरपंच गुरमेज सिंह ने उनके प्लाट से मिट्टी उठवा कर गली में डलवाने का काम शुरू कर दिया। हरजिंद्र सिंह ने बताया कि मिट्टी उठाने से रोकने पर सरपंच गुरमेज सिंह ने उसके प्लाट से मिट्टी उठवाने व पेड़ कटवाने तक की धमकी दी। इस पर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। हरजिंद्र सिंह ने बयान में बताया कि सरपंच गुरमेज सिंह ने अपने ट्रैक्टर पर रखी तलवार उठाकर उस पर वार कर दिया, जिससे बचने के लिए जब वह पीछे हटा तो गुरमेज द्वारा चलाई तलवार उसकी उंगलियों पर लग गई। इसके बाद सरपंच के चाचा के लड़के गुलजार सिंह, सतविंद्र सिंह, नानू सिंह भी मौके पर आ गए। जिन्होंने उसे डंडो-बिंडो से मारा। इस बयान पर पुलिस ने सरपंच गुरमेज सिंह व उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इस बारें में जांच अधिकारी मूलचंद ने बताया कि 21 मार्च को हुए इस झगड़े में पहले ही एक मामला धर्म सिंह व हरजिंद्र सिंह के खिलाफ दर्ज किया गया था, जिसकी तफ्शीश करते हुए व हरजिंद्र सिंह के बयान पर सरपंच गुरमेज सिंह, सतबीर सिंह उर्फ सतविंद्र, गुलजार सिंह, नानू सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया था जहां से उन्हें जिला कारागार में भेज दिया गया है।