युवकों ने किया छात्र को घायल, पुलिस जुटी मामले की जांच में
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा।
एक छात्र के साथ कुछ युवकों द्वारा मारपीट कर उसे घायल कर देने का मामला सामने आया है। घायल को पिहोवा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पीड़ित पक्ष ने इसकी लिखित शिकायत भी पुलिस को दी है। मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी मूल चंद ने बताया कि कुछ दिन पहले कुछ युवक स्कूल के बाहर छात्राओं के साथ बदतमीजी कर रहे थे। उन युवकों का विरोध करने पर युवकों ने एक छात्र को धमकी दी। छात्र ने यह पूरा मामला अपने परिजनों व उसी के साथ स्कूल में पढ़ने वाले अपने भाई चन्द्रभान को बताया। सोमवार जब चन्द्रभान उन युवकों से बातचीत करने गया तो उन युवकों ने उससे मारपीट कर उसे घायल कर मौके से फरार हो गए। घायल युवक को पिहोवा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस को पीड़ित पक्ष की शिकायत मिली है और पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।