कुरुक्षेत्र। ननिहाल में रहने वाली युवती को शादी का झांसा देकर एक युवक सात साल से उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर उसने पीड़िता से दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। हालांकि अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कुरुक्षेत्र की एक युवती हिसार में अपने ननिहाल में रह रही है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि अपने माता-पिता से मिलने वह अक्सर हिसार से कुरुक्षेत्र आती रहती है। उसने बताया कि सात वर्ष पूर्व कुरुक्षेत्र बस अड्डे पर हिसार जाने के लिए खड़ी थी। इसी दौरान भिवानी खेड़ा निवासी नवनीत सैनी उससे मिला। बातचीत में उसने पीड़िता का फोन नंबर ले लिया। इसके बाद दोनों की फोन पर बातचीत होने लगी। पीड़िता का कहना है कि कुछ दिनों बाद नवनीत उसे कुरुक्षेत्र के एक होटल में ले गया और वहां उसकी इच्छा के विपरीत उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद से लगातार सात साल तक वह पीड़िता को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। आरोपी ने हिसार के एक होटल में भी पीड़िता को बुलाकर कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।