अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद। जीटी रोड पर गांव खानपुर जाटान मोड़ पर हुई एक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस को दी शिकायत में गांव ढोलामाजरा निवासी सूरजभान ने कहा कि वह और उसका रिश्तेदार जसविंद्र सिंह बाइक पर जसविंद्र की फोटोग्राफर की दुकान पर आ रहे थे। सर्विस रोड पर खानपुर जाटान के पास सामने से अज्ञात बाइक चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। जसविंद्र सिंह की सिर पर गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा बाइक सवार फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।