करीब दस महीने बाद भ्रूण लिंग जांच गिरोह से जुड़े तीन आरोपी काबू
कुरुक्षेत्र। सात मई 2017 को थानेसर शहर के गोशाला बाजार में लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़ होने के करीब 10 महीने बाद इस गिरोह से जुड़े तीन अन्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त आ गए हैं। बता दें कि जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गोशाला बाजार के एक घर में सात मई 2017 को सूचना के आधार पर छापेमारी की थी। छापेमारी टीम ने इस दौरान गिरोह में शामिल गोशाला बाजार के मकान में अल्ट्रासाउंड कराने वाली सुदेश और जिला अंबाला के बराड़ा निवासी दलाल जसबीर कौर को टीम ने काबू किया था। इस गिरोह से जुड़े मनोज, सतपाल और सोमनाथ भाग गए थे। तीनों को पुलिस ने एक के बाद एक काबू कर लिया है। इनमें सोमनाथ पिहोवा के एक निजी अस्पताल का कर्मचारी था। वह इस गिरोह के लिए अल्ट्रासाउंड करता था।