विदेश भेजने के नाम पर 4 लाख हड़पे, एक के खिलाफ मामला दर्ज
- शिकायतकर्ता ने कहा, बेटे को वर्क परमिट पर सिंगापुर भेजा तो परमिट निकला फर्जी
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद। पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर 4 लाख रुपये हड़पने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव बीबीपुर वासी नाजर सिंह ने कहा कि उसकी मुलाकात मंजीत सिंह वासी छोटा अजराना से जनवरी 2018 में हुई थी और उसने बताया कि वह लोगों को विदेश भेजने का कार्य करता है। शिकायतकर्ता ने अपने बेटे मलकीत सिंह को विदेश भेजने की बात की, जिस पर आरोपी ने कहा कि वह उसके बेटे को सिंगापुर में वर्क परमिट से भिजवा देगा। उसका वेतन 60 हजार रुपये होगा। इस पर 4 लाख रुपये खर्च होगा। कहा कि वह सतनाम सिंह, जसविंदर सिंह और लखविंदर सिंह के साथ गया और आरोपी को दो लाख रुपये दे दिए। पैसे देते हुए वीडियो भी बनाया। इसके कुछ दिनों बाद 2 लाख अपने घर पर दिए। 21 फरवरी को शिकायतकर्ता के बेटे मलकीत सिंह को बैंकॉक भेजा, जहां से 23 फरवरी को डिपोर्ट कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने आरोपी को फोन करके सारी बात बताई, तो आरोपी ने मलेशिया से सिंगापुर भिजवाने की बात कही। शिकायत में कहा गया कि आरोपी ने एक सिंगापुर का वर्क परमिट बनवाकर दिया। वहां जाकर पता चला कि यह फर्जी है। इसी बीच उसके लड़के को अपने खर्चे पर भारत वापिस आना पड़ा। इसके बाद पंचायत में कहा गया कि वह उसके लड़के को फिर से सिंगापुर भेज देंगे, जहां पर वेतन 40 हजार होगा और यदि न भिजवा सका तो पैसे वापस कर देंगे। प्रार्थी को पता कि उसकी बेटे मलकीत सिंह को सिंगापुर भेजने की बजाय दूसरे देश भेज दिया, जहां पर वह छिपकर रह रहा है। उसके बेटे का पासपोर्ट भी खुदबुर्द करा दिया गया है। न उसके पास कोई काम है और न ही वापिस भारत आ सकता है। जब शिकायतकर्ता ने आरोपी से बात की तो उसने शिकायतकर्ता और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।