तीन बच्चों के हत्या प्रकरण में पिता की भूमिका पर पसोपेश में पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
सारसा निवासी तीन मासूम बच्चों की हत्या प्रकरण में छह दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे जगदीप की भूमिका को पुलिस आश्वस्त है। पुलिस ने अब तक जो तथ्य जुटाए हैं, उनमें जगदीप के खिलाफ कई अहम सुराग पुलिस को मिले थे। इनके आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। लेकिन, सोनू के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के नाम पर अभी तक कोई बात साफ नहीं कर रही। पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग ने मंगलवार को इस घटना के खुलासे के बाद तीनों बच्चों के पिता की भूमिका और उसके प्रेम प्रसंग की बात कही थी। वीरवार तक पुलिस ने न तो सोनू की गिरफ्तारी दिखाई और न ही उसे क्लीन चिट दी।
रविवार को रहस्यमय हालात में समीर, सिमरन और समर गांव सारसा से लापता हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने सोमवार रात को बच्चों के चाचा जगदीप मलिक और पिता सोनू को राउंड अप किया था। पूछताछ में जगदीप ने तीनों बच्चों को पंचकूला के मोरनी हिल पर ले जाकर हत्या करने की बात कबूल की थी। तीनों के शव बरामद करने के बाद पुलिस ने इस मामले की पुष्टि करते हुए तीनों बच्चों के चाचा और पिता की भूमिका होने के संकेत दिए थे। इस मामले के उजागर होने के बाद सोनू के ससुराल वालों ने भी उसके चरित्र और महिला से एक प्रेम प्रसंग के बारे में जानकारी दी थी। बावजूद इसके पुलिस कार्रवाई में अभी तक जगदीप के अलावा सोनू की भूमिका कम दिख रही है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग के अनुसार प्रथम दृष्ट्या अब तक सोनू के खिलाफ कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
जगदीप की पत्नी रीना से पूछताछ
बुधवार को गांव सारसा में तीनों बच्चों के शव पहुंचने से चंद घंटे पहले हत्यारोपी जगदीप की पत्नी रीना और उसके इकलौते पुत्र को उसके मायके वाले अपने साथ ले गये थे। इस वजह से जगदीप की पत्नी तीनों बच्चों के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सकी थीं। पता चला है कि पुलिस ने वीरवार को जगदीप की पत्नी रीना से भी पूछताछ की है। रीना ने पुलिस पूछताछ में साफ कहा है कि उसे इस प्रकरण के संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
घर के कमरे से मिले थे कारतूस
तीनों बच्चों के लापता होने के बाद सोमवार पुलिस को जगदीप मलिक पर शक हुआ था। इसके बाद उसकी मोबाइल लोकेशन का पता लगाया था। इसी के बाद जगदीप और सोनू को सोमवार रात को गांव से अलग अलग गाड़ियों में बैठकर पुलिस अपने साथ ले गई थी। पुलिस ने जगदीप के घर के एक कमरे को सील भी किया था। पता चला है कि इस कमरे से काफी मात्रा में पुलिस को कारतूस भी बरामद हुए थे।
पिता से चाचा की ओर घूम रहा है...
हत्या प्रकरण के खुलासे के तीसरे दिन तक सोनू के खिलाफ मामला दर्ज नहीं है। पहले इस मामले को सोनू के एक महिला से चल रहे प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा गया था। इस कड़ी में चचेरे भाई की मदद से तीनों बच्चों को रास्ते से हटाने की योजना की बात सामने आई थी। अब चर्चा है कि इस मामले को पुलिस जगदीप द्वारा तीनों बच्चों को रास्ते से हटाकर अपने चचेरे भाई सोनू का भी यही हश्र करना चाहता था। रिमांड के बाद पुलिस क्या खुलासा करेगी, यह वक्त बताएगा। एक बात साफ है कि दोनों ही मामलों में बेशकीमती जमीन पर कही न कहीं नजर मानी जा रही है।