अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। अनाज मंडी में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। आंशका जताई जा रही है कि ठंड के कारण बुजुर्ग की मौत हुई है। मृतक की पहचान भट्ट माजरा निवासी प्रेम चन्द (60 साल) के रुप में हुई है, जो कि पिछले काफी समय से अनाज मंडी में ही रह रहा था और लोगों से पैसे मांगकर अपना गुजारा कर रहा था। शव सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरु कर दी। मृतक के भाई सरुप चंद ने बताया कि उसका छोटा भाई प्रेम चन्द अविवाहित था। नशा करने के कारण वह घर पर कम ही आता जाता था और पिछले काफी समय से अनाज मंडी में शैड के नीचे ही रहता था। आज उन्हें उसकी मौत की सूचना मिली थी। उधर, सिटी चौकी इंचार्ज जगदीश चंद्र ने बताया कि पुलिस को अनाज मंडी में बुजुर्ग का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास शव की पहचान करवाई और पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पिछले काफी समय से प्रेम चंद बीमार था और बाहर ही रहता था। आंशका जताई जा रही है कि ठंड लगने के कारण प्रेम चन्द की मौत हुई है। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के ब्यान पर रपट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए उसे कुरुक्षेत्र शव गृह में भेज दिया है।