अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद। बुधवार को तड़के शाहाबाद जीटी रोड पर खानपुर के पास ट्रक चालक की लापरवाही के कारण बोलेरो गाड़ी ट्रक के पीछे जा घुसी, जिससे उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई । मृतक पहचान जुबेर निवासी खिरवा थाना जिला मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने सोनू निवासी गांव नूरमहल, तहसील फिल्लौर जालंधर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में सोनू ने कहा है कि उसके साथ अब्दुल फारूक थाना सदर जिला मेरठ, जुबेर निवासी खिरवा थाना जिला मेरठी, शहजाद निवासी खुशवा जिला मेरठ 26 नवंबर को रात 9 बजे बोलेरो में धरी लाद कर फगवाड़ा पंजाब के लिए चले थे, लेकिन जब वह खानपुर के पास पहुंचे तो उनके आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे बोलेरो ट्रक के पीछे जा घुसी। बड़ी मुश्किल से राहगीरों की मदद से उन्हें गाड़ी से बाहर निकाला गया। शिकायतकर्ता ने कहा कि बोलेरो में सवार जुबेर बुरी तरह से घायल था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।